उत्तर प्रदेश/ उन्नाव में दूसरे दिन भी अधिग्रहित जमीन के मुआवजे को लेकर किसानों का प्रदर्शन, सब स्टेशन में आग लगाई
उन्नाव में ट्रांस गंगा सिटी के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के उचित मुआवजा की मांग कर रहे किसान
शनिवार के बाद रविवार को भी प्रदर्शनकारियों ने की आगजनी, भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद
उन्नाव. यहां उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम की ट्रांस गंगा सिटी परियोजना के लिए अधिग्रहीत जमीन का उचित मुआवजा न मिलने से किसान नाराज हैं।
शनिवार को किसानों ने प्रदर्शन किया था, इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई थी। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए मामला शांत होने का दावा किया था। लेकिन रविवार को किसान फिर से उग्र हो गए। ट्रांसगंगा सिटी एरिया के करीब एक किमी परिधि में बने सब स्टेशन पर हमला करते हुए प्लांट की पाइपों को आग के हवाले कर दिया। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं।
इससे पहले शनिवार को जिले के किसानों ने ट्रांस गंगा सिटी प्रोजेक्ट की जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। किसानों का आरोप है कि उन्हें जमीन का उचित मुआवजा नहीं दिया गया। वहीं दूसरी और जिलाधिकारी देवेंद्र पांडेय ने कहा कि किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है और प्रशासन के पास उनका कोई बकाया नहीं है।
इस दौरान 12 थानों की फोर्स के साथ पीएसी तैनात की गई। किसान नेता सनोज यादव का आरोप है कि सरकार ने गलत तरीके से किसानों की जमीन अधिग्रहीत की है। ऐसे में किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही नौकरी व डेवलेपमेंट लैंड जमीन मुहैया कराई जाए।
नहीं निकला सुलह का रास्ता
शनिवार सुबह प्रशासन और किसानों के बीच बातचीत का रास्ता निकालने की कोशिश में जुटे रहे। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई। जिसमें पुलिस के तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। लाठी चार्ज होते ही किसानों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें सीएओ सिटी और एक चौकी इंचार्ज घायल हो गए।
वहीं किसानों और पुलिस की इस झड़प में 6 किसान घायल हुए हैं। दो किसानों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अस्पताल भेजा गया। किसानों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने छह आंसू गैस के गोले दागे। वहीं किसान नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
प्रियंका गांधी ने बोला था सरकार पर हमला
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, 'उप्र के सीएम क्या केवल किसानों पर लच्छेदार भाषण ही दे पाते हैं? क्योंकि भाजपा सरकार में किसानों का अपमान ही होता रहता है। उन्नाव में जमीन का मुआवजा मांग रहे किसानों की पुलिस ने बेरहमी से पिटाई की। महिला किसानों को भी पीटा गया। किसानों की जमीन ली है तो मुआवजा तो देना ही होगा।